इन दिनों एक गाना इंटरनेट मीडिया पर काफी धूम मचा रहा है। इसका नाम है ‘रांची वाली छोरी’। इस गाने को आदित्य राकेश ने गाया है। इसको लिखा और कंपोज भी आदित्य राकेश ने ही किया है। इस वीडियो गाने में एक्टर के रूप में आदित्य राकेश और सोनालिका सिन्हा ने काम किया है। इस गाने को स्वरूप प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है और स्वरूप प्रोडक्शन से ही लांच किया गया है। इस गाने की खासियत यह है कि इसकी पूरी शूटिंग रांची के विभिन्न लोकेशन पर की गई है।

इस गाने में रांची की एक तरह से ब्रांडिंग की गई है। इस वीडियो गाने में यह दिखाया गया है कि रांची की लड़कियां किसी भी मायने में बड़े शहरों की लड़कियों से कम नहीं हैं। रांची की प्रतिभा आज बड़े-बड़ों को टक्कर देने के लिए तैयार है। यह गाना बेहतरीन गायकी के साथ बेहतरीन वीडियोग्राफी और डायरेक्शन का एक शानदार नमूना है। इसे यूट्यूब पर काफी सराहा जा रहा है। बता दें कि आदित्य राकेश इसके पहले भी कई बार सुर्खियों में आ चुके हैं।

उन्होंने झारखंड पुलिस के लिए एंथम बनाया था जो काफी वायरल हुआ था। इसके लिए उन्हें राज्यपाल द्वारा झारखंड आइकॉन अवार्ड भी मिल चुका है। इसके अलावा उन्होंने इलेक्शन एंथम और अन्‍य कई गाने बनाए हैं। आदित्य राकेश पुलिस में हैं और कोडरमा में पोस्टेड हैं। आदित्य बताते हैं कि वे आने वाले दिनों में बहुत सारे म्यूजिक वीडियोज के अलावा एक बॉलीवुड फिल्म और एक वेब सीरीज में बतौर एक्टर नजर आएंगे।

By admin