प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने लांच किया थीम सॉन्ग : स्थानीय निकाय चुनाव

गुजरात में भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए एक जोरदार चुनाव अभियान का श्रीगणेश किया है। किसी फिल्म की लॉन्चिंग की तरह चुनाव के लिए एक थीम सॉन्ग “शहर-शहर, गांव-गांव भाजपा की लहर” को खुद प्रदेश अध्यक्ष सी आर पाटिल ने लांच किया। इसके अलावा 40 लघु फिल्म एक 1 मिनट की तथा 20 बड़ी फिल्में नई डिजाइन के 21 होर्डिंग्‍स तथा 19 जीआईएफ भी इस चुनाव के लिए जारी की गई है ताकि चुनावी माहौल को भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में किया जा सके। चुनावी डिबेट में टीवी चैनलों के ऊपर भाजपा के प्रवक्ता लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं तथा कांग्रेस पर इस चुनाव में भी टिकट वितरण में मनमानी करने तथा टिकट बेचे जाने के आरोपों को भी उछाल रहे हैं।

सी आर पाटिल ने बनायी खास रणनीति 

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने प्रदेश भाजपा कार्यालय श्रीकमलम पर मीडिया तथा चुनाव प्रचार का काम देख रहे लोगों के साथ बैठक कर एक खास रणनीति बनाई है ताकि इस चुनाव में शहर से लेकर गांव तक कांग्रेस पर हावी रहा जा सके। भाजपा ने चुनाव प्रचार के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी है। सीआर पाटील एक बयान जारी कर कांग्रेस को विकास विरोधी, राम मंदिर निर्माण को उलझाने तथा भटकाने वाली तथा मुस्लिम तुष्टीकरण करने वाली पार्टी बताया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में कांग्रेस अंधी हो चुकी है 

पाटिल का आरोप है कि ट्रिपल तलाक जैसे मुद्दे पर कांग्रेस ने है संवेदनशील रुख अख्तियार किया। कांग्रेस की मानसिकता को पाटिल ने देश विरोधी करार देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में कांग्रेस अंधी हो चुकी है तथा उसे देश हित की भी कोई परवाह नहीं है। पाटिल कांग्रेस पर गुजरात विरोधी होने का भी आरोप लगाया, इनका कहना है कि सरदार सरोवर बांध के निर्माण तथा नर्मदा नहर योजना को लेकर कांग्रेस हमेशा बाधाएं उत्पन्न करती रही। नर्मदा में बनाई गई विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैचू ऑफ यूनिटी को कांग्रेस नेता तथा विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता परेश धनानी ने कबाड़ बता कर लौह पुरुष सरदार पटेल का अपमान किया।

लोगों की भावनाओं के प्रति कांग्रेस कतई जागरूक नहीं

पाटिल का कहना है कि कांग्रेस एक परिवार वादी पार्टी बनकर रह गई है देश के विकास देश की संस्कृति तथा लोगों की भावनाओं के प्रति कांग्रेस कतई जागरूक नहीं है। बैठक में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता यमल व्यास तथा मीडिया संयोजक यग्नेश दवे, सह संयोजक किशोर मकवाना, प्रचार संयोजक महेश कासवाला, अतुल भावसार आदि नेता मौजूद थे। पाटिल ने अपनी मीडिया टीम को भाजपा के चुनाव प्रचार की रणनीति तथा स्लोगन वह थीम सॉन्ग आदि की जानकारी दी।  भाजपा निकाय चुनाव को लेकर के काफी गंभीर है पार्टी आलाकमान ने प्रदेश अध्यक्ष से लेकर निचले स्तर तक संगठन में बड़ा बदलाव किया है साथ ही चुनाव से पहले संगठन को गांव-गांव गली-गली तथा घर-घर तक पहुंचाने के लिए पेज प्रमुख तथा पन्ना समितियों का भी गठन किया है।

कांग्रेस नेताओं में असंतोष 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में रहते पन्ना प्रमुख की शुरुआत की थी अब सांसद सी आर पाटिल ने पन्ना समितियों का गठन कर भाजपा के संगठन को और गहराई तक काट दिया है। गुजरात में भाजपा की जड़ें गहरी करने में पन्ना प्रमुख तथा पन्ना समितियों का काफी योगदान है। उधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा, नेता विपक्ष परेश धनानी, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल तथा गुजरात कांग्रेस के प्रभारी राजीव सातव पिछले कई महीनों से लगातार दौड़-धूप करके संगठन को मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन ऐन चुनाव से पहले टिकट वितरण को लेकर कांग्रेस के नेताओं में बड़े पैमाने पर असंतोष उभर कर सामने आया है।  हालांकि कांग्रेस ने बचते बचाते अपने प्रत्याशियों को भी फोन पर ही सूचित कर नामांकन भरवा दिया है लेकिन स्थानीय नेताओं में चल रहा असंतोष चुनाव परिणामों पर विपरीत असर डाल सकता है।