Jharkhand: लोहरदगा में IED ब्लास्ट, एक जवान गंभीर रूप से घायल
लोहरदगा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी ब्लास्ट में सैट का एक जवान बुरी तरह से घायल हो गया है। घायल जवान की स्थिति गंभीर है। बेहतर इलाज के लिए जवान को भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर से रांची लाया गया। बता दें कि हेलीकॉप्टर को खेलगांव स्थित हेलीपेड में उतारा गया। यहां से जवान को एंबुलेंस के माध्यम से मेडिका अस्पताल भेजा गया।
गौरतलब है कि जिले के सुदूरवर्ती सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के दुंदरु जंगल के समीप हुए आईईडी ब्लास्ट में सैट जवान दुलेश्वर प्रसाद बुरी तरह से घायल हो गए हैं। उनकी स्थिति अभी गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक 30 वर्षीय जवान गुमला के कटिंबा गांव का निवासी है।
इससे पहले घटना के बाद सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवानों ने दुंदरु मैदान की घेराबंदी करते हुए जवान को वहां पर सुरक्षित रखा है। फिलहाल हेलीकॉप्टर की मदद से जवान को इलाज के लिए रांची ले जाए जाने की बात चल रही है। मामले को लेकर अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस घटना के बाद लोहरदगा जिले में फिर एक बार नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों ने पुलिस को झटका देने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ 158 बटालियन के जवान नक्सल विरोधी अभियान में निकले हुए थे। इस अभियान में सेरेंगदाग थाना के सैट के जवान भी शामिल थे। जवान जैसे ही दुंदरु जंगल के समीप पहुंचे, जवान का पैर आईआईडी के ऊपर पड़ गया। जिससे ब्लास्ट हो गया। इस घटना में जवान का एक पैर बुरी तरह से जख्मी हो गया है।
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें
Please Share This News By Pressing Whatsapp Button