नगर निगम चुनाव के लिए मोगा में भाजपा के लिए चुनाव आब्जर्वर बनाए गए पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। उनके काफिले को निकालने के लिए किसानों व पुलिस कर बीच हुई धक्का-मुक्की हुई। सांपला सोमवार को शहर के विभिन्न इलाकों में भाजपा प्रत्याशियों के लिए सभा संबोधित कर रहे हैं। जहां उनके कार्यक्रम है पुलिस ने पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है।

रामगंज मंडी के लोग पिछले 2 घंटे से बंधक बने हुए हैं। रामगंज मंडी चौराहे की तरफ जाने वाले सभी रास्ते पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद कर दिए हैं। यहां तक कि इस इलाके में रहने वाले लोग भी अपने दोपहिया वाहनों के साथ घर तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सिर्फ पैदल ही लोगों को जाने दिया जा रहा है। किसी के किसान होने के संदेह में उसकी पूरी जांच-पड़ताल की जाती है।

भाजपा के नगर निगम मोगा के चुनाव आब्जर्वर विजय सांपला ने दोपहर 12:00 बजे मीडिया के साथ बातचीत की थी। उसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर वे दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही अपने काफिले के साथ रामगंज मंडी स्थित भाजपा प्रत्याशी सोनू अरोड़ा की सभा को संबोधित करने निकले तो वहां डेढ़ सौ की संख्या में भाकियू एकता के जिला सचिव बलौर सिंह के नेतृत्व में मौजूद किसानों ने विजय सांपला का काफिला रोकने का प्रयास किया।

हालांकि सांंपला की गाड़ी काफी आगे निकल चुकी थी। उसके बाद किसान यूनियन ने काफिले में शामिल एक अन्य गाड़ी को रोक लिया। पुलिस बल ने प्रदर्शनकारी किसानों को पीछे धकेलने का प्रयास किया, जिससे पुलिस व किसानों के बीच झड़प हो गई। बाद में काफिला निकल जाने के बाद किसान भी थोड़ी देर नारेबाजी करने के बाद वहां से चले गए।

By admin