काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में भिड़ीं, हापुड़ रोड पर हुआ हादसा

दिल्ली से उत्तर प्रदेश के रामपुर जाने के दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के काफिले में शामिल गाड़ियों के आपस में टकराने की खबर आ रही है। इस हादसे में कई गाड़ियां जरूर क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआइ के मुताबिक, प्रियंका गांधी कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रामपुर जा रही थीं। रास्ते में हापुड़ रोड पर प्रियंका गांधी की यात्रा में शामिल गाड़ियां आपस में टकरा गई, हालांकि इस हादसे में किसी भी शख्स के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं, जानकारी सामने आ रही है कि भिड़ंत में कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई हैं।

हापुड़ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मिथुन सुबोध त्यागी ने बताया कि ब्रजघाट पुल के पास किसी काम से रुकी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही काफिले में शामिल गाड़ियां टकरा गई। इससे कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ है।

बता दें कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी बृहस्पतिवार सुबह दिल्ली से रामपुर के लिए रवाना हुई थीं। समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार प्रियंका गांधी अपनी गाड़ी में रामपुर के लिए निकलीं। गौरतलब है कि कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी 26 जनवरी दिल्ली में हुई ट्रैक्टर परेड के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले युवक के परिवार से मिलने के लिए रामपुर रवाना हुई हैं। 26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान 27 साल के नवरीत सिंह का ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई थी।

प्रियंका गांधी ने पूर्व में ही एलान कर दिया था कि वह नवरीत के परिवार वालों से मिलने और शोक जताने जाएंगीं। कांग्रेस की ओर दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रियंका करीब 11.30 बजे नवरीत की शोकसभा में शामिल होंगी। गाड़ियों के आपस में भिड़ने के बाद हो सकता है वह थोड़ी देरी से रामपुर पहुंचे।

बता दें कि दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के दौरान जान गंवाने वाले नवरीत सिंह ऑस्ट्रेलिया पढ़ाई के लिए गए थे और हाल ही भारत लौटकर आए थे। भारत आने के बाद वो दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन में शामिल हो गए थे। इस दौरान ट्रैक्टर हादसे में उनकी मौत हो गई