छह राज्‍यों में कोरोना ने पकड़ी रफ्तार, महाराष्‍ट्र में हालात खराब, अब तक दी गई 2.43 करोड़ वैक्सीन की डोज

महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, कर्नाटक, गुजरात और तमिलनाडु में कोरोना के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है। बीते 24 घंटे में देश में सामने आए कुल 22,854 मामलों में 85.91 फीसद नए केस इन्‍हीं छह राज्‍यों से हैं। आलम यह है कि महाराष्‍ट्र के कई इलाकों में पाबंदियों के लगाने का सिलसिला जारी है। नागपुर में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के मद्देनजर 15 से 21 मार्च के बीच सख्त लॉकडाउन लागू किया गया है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय का कहना हैै कि देश में टीकाकरण का काम भी तेजी से चल रहा है।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि देश में रिकवरी रेट 97 फीसद पर बनी हुई है। कोरोना से होने वाली मृत्यु दर 1.4 फीसद और सक्रिय मामलों की दर 1.6 फीसद है। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना संक्रमण के 22,854 मामले सामने आए जिनमें 13,659 मामले अकेले महाराष्ट्र से हैं। यह संख्‍या देश में कुल मामलों की करीब 60 फीसद है। इसके बाद केरल में 2,475 और पंजाब में 1,393 कोरोना संक्रमण के मामले आए हैं।

समाचार एजेंसी पीटीआइ के मुताबिक आठ राज्यों में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इन राज्‍यों में महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा शामिल हैं। देश में मौजूदा वक्‍त में कोरोना से संक्रमित 1,89,226 मरीजों का इलाज चल रहा है। यह संख्‍या कुल मामलों का 1.68 फीसद है।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,12,85,561 हो गई। देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण से कुल 126 लोगों की मौत हुई है। इनमें से महाराष्ट्र में सबसे ज्‍यादा 54 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद पंजाब में 17 और केरल में 14 लोगों की मौत हुई है। देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1,58,189 हो गई है।

राहत की बात यह है कि बीते 24 घंटे में 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। इन राज्‍यों में पुडुचेरी, लक्षद्वीप, सिक्किम, लद्दाख, मणिपुर, दमन एवं दीव, दादर एवं नगर हवेली, मेघालय, मिजोरम, नगालैड, त्रिपुरा, अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह, अरुणाचल प्रदेश गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, असम, ओडिशा, गोवा, झारखंड शामिल हैं।

महाराष्ट्र में उपचाराधीन मरीजों की संख्‍या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है जबकि केरल में गिरावट देखी गई है। केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय का कहना है कि देश में अब तक कुल 1,58,189 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। इनमें से अब तक महाराष्ट्र में 52,610, तमिलनाडु में 12,530, कर्नाटक में 12,379, दिल्ली में 10,931, पश्चिम बंगाल में 10,283, उत्तर प्रदेश में 8,740 और आंध्र प्रदेश में 7,177 लोगों की जान कोविड संक्रमण से हुई है।

देश में अब तक 2.43 करोड़ कोविड वैक्सीन की डोज दी गई है। कोविड वैक्‍सीन की 71 फीसद डोज सरकारी अस्पतालों में लगाई गई है जबकि 28.77 फीसद डोज निजी अस्पतालों में लगाई गई है। मंत्रालय ने कहा कि देश में कोविड वैक्सीन की कोई कमी नहीं है। राज्यों को कितनी वैक्सीन देनी है। इसका फैसला मंत्रालय दैनिक आधार पर करता है।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि हमने कोविड वैक्‍सीन के मूल्य पर फिर से बातचीत की है। निर्धारित कीमत काफी कम है। देश में अब तक 4,78,168 सत्रों में 2,56,85,011 लोगों का टीकाकरण हुआ है। टीका लेने वाले लाभार्थियों में 71,97,100 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक जबकि 40,13,249 को दूसरी खुराक दी गई है। अग्रिम मोर्चे पर काम करने वाले 70,54,659 कर्मियों को पहली खुराक जबकि 6,37,281 को दूसरी खुराक दी गई है।