आतंकवाद पर यूएन में भारत का पाक को सख्त संदेश, पुलवामा जैसा हमला दोहराया तो फिर होगी एयरस्ट्राइक

भारत ने संयुक्त राष्ट्र(यूएन)में एक बार फिर आंतकवाद को पनाह देने के लिए कुख्यात पाकिस्तान को बिना नाम लिए सख्त चेतावनी दी । भारत ने कहा कि अगर किसी देश से आतंकी हमले का निश्चित खतरा हो तो प्रभावित होने वाले देश को आत्मरक्षा में हमला करना बाध्यता है। इशारों में भारत ने पाक को बता दिया कि पुलवामा जैसा हमला दोबारा हुआ तो वह फिर एयर स्ट्राइक करेगा।

भारत के संयुक्त राष्ट्र में डिप्टी स्थायी प्रतिनिधि के नागराज नायडू ने कहा कि भारत सीमा पार से आतंकी हमलों का सामना कर रहा है। भारत के खिलाफ पड़ोसी देश आतंकवादियों के माध्यम से छदम युद्ध लड़ रहा है। इन आतंकवादियों को इस देश के द्वारा प्रशिक्षण, फंडिंग, हथियार मुहैया कराने के साथ ही गोपनीय सूचनाएं भी दी जा रही हैं।

नायडू ने कहा कि भारत दशकों से छदम युद्ध को झेल रहा है। फिर चाहे वह मुंबई हमला हो या फिर कायरता से किया गया पठानकोट या पुलवामा हमला। इन घटनाओं का पूरा विश्व गवाह है कि किस तरह से आतंकवादियों को एक देश के संरक्षण में भारत को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसी भी देश को अपनी आत्मरक्षा के लिए तत्काल, उतनी ही ताकत से कार्रवाई करने का अधिकार है। अंतरराष्ट्रीय नियम भी यही है।

उन्होंने याद दिलाया कि यूएन चार्टर की धारा 51 में किसी भी देश को आत्मरक्षा का अधिकार है। यह अधिकार आतंकवादियों के हमले में भी लागू होता है। नायडू ने इस बात पर भी बल दिया कि भारत का मानना है कि जब एक देश आत्मरक्षा के लिए सक्रिय होता है तो उसे यूएन चार्टर की धारा 2(4) में यह अधिकार है कि वह आतंकवादियों के दूसरे देश के ठिकानों पर भी हमला कर सकता है।