गंगासागर पहुंचे अमित शाह ने कहा- ​यहां भाजपा की सरकार बनेगी तब बंगाल से गंगासागर तक भी नमामि गंगे पूरा होगा

कपिल मुनि आश्रम में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा के शुद्धिकरण का नमामि गंगे कार्यक्रम चला है, मगर वो बंगाल आकर रूक जाता है। मुझे पूरा भरोसा है कि ​यहां भाजपा की सरकार बनेगी तब बंगाल से गंगासागर तक भी नमामि गंगे पूरा होगा।

एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बंगाल के दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार सुबह कोलकाता में भारत सेवाश्रम संघ के कार्यालय का दौरा करने के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे गंगासागर पहुंचे। गंगासागर में उन्होंने कपिल मुनि मंदिर में पूजा अर्चना की। वहीं, शाह के यहां पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया और यहां जय श्रीराम के नारे भी लगाए गए।

दूसरी ओर, गंगासागर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से कपिल मुनि मंदिर के महंत संजय दास ने पूछा है कि उन्हें चुनाव के समय ही मंदिर की याद क्यों आती है? उन्होंने ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि गंगासागर का विकास यदि किसी ने किया है, तो वो हैं बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी।

इधर, गंगासागर से शाह दक्षिण 24 परगना जिले के काकद्वीप जाएंगे। यहां के इंदिरा मैदान में जनसभा से पहले शाह भाजपा के पांचवें चरण की परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री यहां के नारायणपुर गांव में एक गरीब शरणार्थी के घर दोपहर का भोजन करेंगे। भोजन के बाद काकद्वीप में शाह एक रोड शो भी करेंगे। ‌

कोलकाता में भारत सेवाश्रम संघ में आरती के बाद केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि देश की सेवा कदम-कदम पर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब देश को सबसे अधिक जरूरत थी, तब इसकी स्थापना की गई थी। मैं बचपन से ही भारत सेवाश्रम संघ से जुड़े हुआ हूं। आश्रम की ओर से लोगों में सेवा के प्रति जागरुकता बढ़ाई गई है। आश्रम की प्रेरणा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल का मुद्दा उठाया था, वरना आज बंगाल भी बांग्लादेश में होता।

एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार बंगाल के दौरे पर आए अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार सुबह कोलकाता में भारत सेवाश्रम संघ के दफ्तर में पहुंचे। यहां पर उन्होंने मंदिर में पूजा और आरती की और सन्यासियों के साथ मुलाकात की। शाह ने यहां सेवाश्रम के संतों और अन्य अधिकारियों के साथ आश्रम का दौरा भी किया। इस मौके पर शाह ने इस संघ के संस्थापक स्वामी प्रणवानंद महाराज का राष्ट्र के लिए योगदान को याद किया। शाह ने कहा कि देश की सेवा कदम-कदम पर करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब देश को सबसे अधिक जरूरत थी, तब इसकी स्थापना की गई थी। मैं बचपन से ही भारत सेवाश्रम संघ से जुड़े हुआ हूं। आश्रम की ओर से लोगों में सेवा के प्रति जागरुकता बढ़ाई गई है। आश्रम की प्रेरणा से श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बंगाल का मुद्दा उठाया था, वरना आज बंगाल भी बांग्लादेश में होता।

गंगासागर के कपिल मुनि मंदिर में पूजा अर्चना 

बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार सुबह सबसे पहले कोलकाता में भारत सेवाश्रम संघ के कार्यालय का दौरा करने के बाद गंगासागर के लिए रवाना हो गए हैं। ‌वह बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से गंगासागर गए जहां कपिल मुनि आश्रम का दौरा कर वे गंगासागर में पूजा अर्चना के बाद यहां नारायणपुर गांव में गरीब शरणार्थी परिवार के बीच भोजन करेंगे। इसके बाद वे काकद्वीप में भाजपा की पांचवीं परिवर्तन रैली को हरी झंडी दिखाएंगे।

भारत सेवाश्रम संघ में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज भारतीय संस्कृति, हमारे संस्कार, जीवन परंपरा को पूरी दुनिया सम्मान के साथ देखती है, इस दिशा में हम काफी कुछ कर पाए हैं। बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कोलकाता के रासबिहारी एवेन्यू में स्थित भारत सेवाश्रम संघ के कार्यालय पहुंचे थे ।

कोलकाता में भारत सेवाश्रम संघ के कार्यालय में गृहमंत्री अमित शाह का जोरदार स्वागत किया गया। संघ के महाराज ने शाल उत्तरीय व स्मृति चिन्ह देकर शाह का किया स्वागत किया। अमित शाह ने सन्यासियों के साथ बातचीत की। भारत सेवाश्रम संघ में शाह के लिए विशेष भजन प्रस्तुत किया गया, गृहमंत्री शाह ने सन्यासियों के साथ बैठकर भजन का आनंद भी लिया।

जानकारी हो कि काकद्वीप के इंदिरा मैदान में चुनावी सभा से शाह भाजपा की पांचवी परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद दोपहर 2:00 बजे वह यहां के नारायणपुर गांव में एक शरणार्थी परिवार के घर दोपहर का भोजन करेंगे। इसके बाद काकद्वीप में शाह 2:55 बजे से रोड शो भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बंगाल दौरे के बाद किसी भी दिन विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो सकता है और उसके तुरंत बाद केंद्रीय बलों को सूबे में भेजा जा सकता है। सूत्रों की मानें तो 23 से 25 फरवरी के बीच चुनाव की घोषणा हो सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को बंगाल आएंगे। वह दक्षिणेश्वर-नोआपाड़ा मेट्रो परियोजना का उद्घाटन करेंगे।

ममता बनर्जी भी करेंगी सभा

दक्षिण 24 परगना जिले के अन्य हिस्से पैलान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी गुरुवार को चुनावी सभा को संबोधित करेंगी। इस दौरान उक्त सभा में ममता के सांसद भतीजे व युवा तृणमूल के अध्यक्ष अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहेंगे।