बीस सूत्री समितियों के गठन से पहले घोषित होंगे जिलों के प्रभारी मंत्री

राज्य में बीस सूत्री समितियों के गठन के पूर्व जिलों के प्रभारी मंत्री की घोषणा होगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बीस सूत्री समितियों के गठन का फार्मूला तय करने के लिए मिले कांग्रेस नेताओं से इस बाबत आरंभिक दौर की बातचीत हुई। गौरतलब है कि बीस सूत्री समितियों के गठन के लिए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने चार कांग्रेस नेताओं को अधिकृत किया है।

इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा. रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर और केशव महतो कमलेश शामिल हैं। मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चारों नेताओं ने लगभग आधे घंटे मंत्रणा की। बीस सूत्री समितियों में भागीदारी को लेकर चुनाव के दौरान सीटों के तालमेल को लेकर लागू फार्मूले को भी आधार बनाने पर भी बात हुई।

इसे लेकर जिले और प्रखंड चिन्हित किए जाएंगे। जल्द ही राजद के साथ भी बैठक होगी। जिन जिलों में झामुमो अथवा राजद कोटे का मंत्री प्रभारी मंत्री होगा, वहां कांग्रेस को बीस सूत्री समिति का उपाध्यक्ष पद मिलने की संभावना है। प्रभारी मंत्री जिला बीस सूत्री समिति के पदेन अध्यक्ष होते हैं।

बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि जल्द ही गठबंधन दलों के नेता बीस सूत्री समितियों में पदों की शेयरिंग का फार्मूला तय कर लेंगे। मुख्यमंत्री के साथ बातचीत के दौरान तमाम बिंदुओं पर चर्चा हुई है। समितियों के गठन पर जल्द ही गठबंधन दल की फिर वार्ता होगी।