केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की नाराजगी के 24 घंटे के भीतर सामने आई 2 नेताओं की सफाई, जानें -क्या कहा

राव इंद्रजीत सिंह की नाराजगी के बाद रणधीर सिंह कापड़ीवास और अरविंद यादव दोनों की एक तरह से सफाई आई है। पूर्व विधायक रणधीर सिंह का कहना है कि आरती राव का नाम प्रधान पद के लिए रखने के पीछे कोई साजिश नहीं है।

केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के अपनी बेटी को नगर परिषद प्रधान पद के चुनाव नहीं लड़ाए जाने के बयान को लेकर पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास व हरको बैंक के चेयरमैन अरविंद यादव भी मुखर हो गए हैं। राव इंद्रजीत सिंह की नाराजगी के बाद रणधीर सिंह कापड़ीवास और अरविंद यादव दोनों की एक तरह से सफाई आई है। पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का कहना है कि आरती राव का नाम प्रधान पद के लिए रखने के पीछे कोई साजिश नहीं है।

पूर्व विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास का कहना है कि नगर परिषद एवं पंचायत चुनाव किसी भी नेता के लिए पहली सीढ़ी है, इसलिए ही मैंने आरती राव का नाम नगर परिषद चेयरमैन पद के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं चुनाव प्रभारी प्रो. रामबिलास शर्मा को सुझाया था। इस बहाने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को आरती को चुनाव लड़ाने की इच्छा भी पूरी हो जाएगी। यह हैरान करने वाली बात है कि राव इंद्रजीत सिंह आरती राव का नाम प्रधान पद के लिए आगे बढ़ाने को साजिश मान रहे हैं। चुनाव लड़ने वाले की नीयत साफ हो तो कोई भी चुनाव छोटा नहीं होता।