आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वन विभाग की पहल, शरीफे की आइसक्रीम बनाकर संवारी जिंदगी

महिला समूह की सचिव सुधा पुरी का कहना है कि अब महिला समूह की सदस्य लोकल को वोकल बनाकर अपनी व ग्रामीणों की जिंदगी संवार रही हैं। शरीफे की आइसक्रीम पूरी तरह आर्गेनिक है। 60 ग्राम आइसक्रीम के डिब्बे की कीमत बाजार में 30 रुपये है।

छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्र मरवाही जिला के दानीकुंडी गांव की महिलाएं शरीफा (सीताफल) से आइसक्रीम बनाकर आत्मनिर्भर बन गई हैं। अब ये क्षेत्र की तीन हजार महिलाओं को रोजगार देकर उनकी जिंदगी संवार रही हैं। दरअसल गांव में शरीफा के पेड़ बहुतायत में हैं। वन विभाग से कर्ज के रूप में मिले 60 लाख रुपये से महिलाओं ने आइसक्रीम उद्योग स्थापित किया है। इसके पहले बिचौलिए ग्रामीणों के माध्यम से इसे कम दाम में खरीदकरी कोलकाता, रांची, मुंबई, नागपुर, अहमदाबाद सूरत जैसे महानगरों में ले जाते थे।

वन विभाग के अनुमान के मुताबिक, हर साल करीब दो हजार टन शरीफा बाहर जाता है। बड़े शहरों में कम से कम 50 रुपये किलो बिकने वाले शरीफे को यहां महज पांच रुपये किलो का भी भाव नहीं मिल रहा था। दानीकुंडी गांव की वन धन महिला स्व सहायता समूह के माध्यम से आदिवासी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वन विभाग ने प्रोत्साहित किया। आइसक्रीम उद्योग स्थापित करने के लिए उन्हें दिल्ली के विशेषज्ञों से प्रशिक्षित कराया। इस वर्ष से आइसक्रीम का उत्पादन शुरू हो गया है, जिसे बाजार में ट्राइबल डिलाइट नाम से उतारा गया है। महिला समूह की सचिव सुधा पुरी का कहना है कि अब महिला समूह की सदस्य लोकल को वोकल बनाकर अपनी व ग्रामीणों की जिंदगी संवार रही हैं। शरीफे की आइसक्रीम पूरी तरह आर्गेनिक है। 60 ग्राम आइसक्रीम के डिब्बे की कीमत बाजार में 30 रुपये है। इस पर 15 से 20 रुपये की लागत आती है। छत्तीसगढ़ के बड़े होटलों और मंत्रालय स्तर से भी आइसक्रीम के आर्डर मिलने लगे हैं।

10 रुपये किलो तय है समर्थन मूल्य

मरवाही वनमंडल के उप वनमंडलाधिकारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि महिलाओं को प्रशिक्षण देने के बाद अरण्यफल उद्योग के नाम से उनका पंजीयन कराया गया है। उन्हें प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में पहली बार उन्हें शरीफा (सीताफल) खरीदने का अधिकार भी दिया गया है। साथ ही शरीफा का न्यूनतम समर्थन मूल्य भी 10 रुपये प्रति किलो तय किया गया है।