त्रिपुरा सीएम बोले- अमित शाह की नेपाल, श्रीलंका में भी है BJP सरकार बनाने की योजना

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेपाल और श्रीलंका जैसे पड़ोसी देशों में अपनी पार्टी का विस्तार करने की योजना है। त्रिपुरा के सीएम ने अगरतला में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ एक बैठक को याद किया। बताया गया कि जब शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और वे राज्य की यात्रा पर थे। देब ने कहा, ‘जब गृह मंत्री हमारे पार्टी प्रमुख थे, तो चर्चा के दौरान हमने कहा कि भाजपा अब कई राज्यों में सत्ता में आ गई है।’

जवाब में, मंत्री (तत्कालीन भाजपा प्रमुख) ने कहा कि नेपाल और श्रीलंका अभी भी बचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी का विस्तार श्रीलंका और नेपाल तक करना है। हमें वहां भी जीतना है। बता दें कि बिप्लब कुमार देब राज्य की राजधानी त्रिपुरा में एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे, इस दौरान उन्होंने ये वाक्य याद किया।

वहीं, अगले वित्तीय वर्ष के केंद्रीय बजट पर जोर देते हुए, बिप्लब ने कहा, ‘यह दक्षिण एशिया को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक कदम है। भारत की नीतियां और कार्य बांग्लादेश, भूटान और नेपाल को आत्मनिर्भर बनाने में सक्षम हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार सब का साथ, सब का विकास (सभी के लिए समावेशी विकास) चाहती है।