ये हैं बॉलीवुड के वो 10 बड़े विवाद, जिनसे सोशल मीडिया में जमकर मचा बवाल

साल की शुरुआत में पहले विवाद का केंद्र बनीं दीपिका पादुकोण जिनकी फ़िल्म छपाक इस साल रिलीज़ हुई थी। दरअसल दीपिका ने फ़िल्म की रिलीज़ से ठीक पहले जनवरी में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय का दौरा किया था जहां कुछ छात्र पुलिस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन पर बैठे हुए थे।

यह साल वैसे तो कोरोना वायरस पैनडेमिक और लॉकडाउन  के लिए याद किया जाएगा, मगर बॉलीवुड में इस साल जितने विवाद हुए हैं, वो भी अभूतपूर्व हैं। किसी एक साल में इतनी कंट्रोवर्सी शायद ही पहले कभी देखी गयी हों। देश में लॉकडाउन था, मगर विवाद पर कोई तालाबंदी नहीं थी। एक के बाद एक विवाद सामने आते रहे। इसमें सोशल मीडिया की भूमिका उल्लेखनीय रही, जहां से निकले कुछ विवाद कोर्ट-कचहरी तक भी पहुंचे।

1. दीपिका पादुकोण- छपाक की रिलीज़ से पहले जेएनयू का दौरा

साल की शुरुआत में पहले विवाद का केंद्र बनीं दीपिका पादुकोण, जिनकी फ़िल्म छपाक इस साल रिलीज़ हुई थी। दरअसल, दीपिका ने फ़िल्म की रिलीज़ से ठीक पहले जनवरी में जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय का दौरा किया था, जहां कुछ छात्र पुलिस के ख़िलाफ़ प्रदर्शन पर बैठे हुए थे। दीपिका की इस विजिट को सोशल मीडिया में ख़ूब उछाया गया। उनकी फ़िल्म भी निशाने पर आयी। ख़ासकर, एक किरदार को लेकर आरोप लगाया गया कि उसका नाम बदलकर मुस्लिम से हिंदू कर दिया गया है। हालांकि, यह ख़बर ग़लत साबित हुई। दीपिका की फ़िल्म के ख़िलाफ़ ट्विटर पर हैशटैग चलाये गये।

2. कनिका कपूर- बॉलीवुड की पहली कोविड-19 पॉज़िटिव सेलेब्रिटी

मार्च के मध्य से देश में कोरोना वायरस का प्रकोप शुरू हुआ था। इसको लेकर जब पूरे देश में एहतियात बरतने के दिशानिर्देश जारी किये गये थे, तब बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर के कोविड-19 संक्रमित होने से बवाल मच गया था। कनिका पहली बॉलीवुड सेलेब्रिटी बनीं, जिन्हें कोरोना हुआ। मगर, समस्या कनिका का कोरोना पॉज़िटिव होना नहीं थी, बल्कि उन पर आरोप लगाये गये कि वो लंदन से आने के बाद क्वारंटाइन में जाने के बजाय पार्टी करती रहीं, जिससे क़रीब 300 लोगों में कोरोना वायरस फैलने का ख़तरा बढ़ गया। कनिका के ख़िलाफ़ उत्तर प्रदेश पुलिस ने पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज़ करवायीं। कनिका नेगेटिव होने से पहले कई दिनों तक लखनऊ के मेडिकल इंस्टीट्यूट्स में भर्ती रही थीं।

3. सुशांत सिंह राजपूत डेथ- हत्या या आत्महत्या?

सुशांत सिंह राजपूत का दुखद निधन इस साल उनके करोड़ों फैंस के लिए झटका था। मगर, जिन परिस्थितियों में सुशांत की मौत हुई, उनके चलते इसको लेकर काफ़ी विवाद हुआ। बॉलीवुड में भी इसका असर देखा गया। कई सेलेब्रिटीज़ सुशांत की मौत के कारणों पर बंटे नज़र आये। सुशांत को न्याय दिलवाने की लड़ाई धीरे-धीरे कड़वी होती चली गयी और इस केस की मुख्यारोपी सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती को लेकर सेलेब्रिटी खेमों में बंट गये। इन विवादों के निशाने पर करण जौहर, आलिया भट्ट और तमाम सेलेब्रिटी किड्स आये। सुशांत का मृत शरीर 14 जून को उनके आवास पर मिला था। इसकी जांच सीबीआई कर रही है।

4. बॉलीवुड में ड्रग्स का जाल- कई सेलेब्स निशाने पर

सुशांत की डेथ के बाद प्रवर्तन निदेशालय को रिया चक्रवर्ती से पूछताछ के दौरान कुछ पुरानी वॉट्सऐप चैट्स मिलीं, जिनके आधार पर ड्रग एंगल की एंट्री हुई। सुशांत के ड्रग इस्तेमाल की बातें सामने आयीं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, ड्रग पैडलर्स की गिरफ़्तारी हुई और कई बॉलीवुड सेलेब्स के नाम उछले, जिनसे एनसीबी ने पूछताछ की। अर्जुन रामपाल, दीपिका पादुकोण, सारा अली ख़ान, रकुलप्रीत, श्रद्धा कपूर से पूछताछ की गयी। इसकी गूंज राज्य सभा में भी सुनाई दी थी, जब जया बच्चन ने एक्टर और सांसद रवि किशन के बॉलीवुड में ड्रग इस्तेमाल के बयान को लेकर उन पर हमला बोला था।

5. कंगना रनोट Vs बीएमसी Vs महाराष्ट्र सरकार Vs दिलजीत दोसांझ

कंगना रनोट इस साल जमकर विवादों में रहीं। सुशांत की मौत के बाद कंगना ने सोशल मीडिया के ज़रिए नेपोटिज़्म का मुद्दा उछाला और उनके निधन के पीछे परिवारवाद और बॉलीवुड की गुटबाज़ी को ज़िम्मेदार ठहराया। कंगना ने इसको लेकर करण जौहर और भट्ट परिवार पर भी निशाना साधा। महाराष्ट्र पुलिस और सरकार को लेकर ट्वीट किये। कंगना शिव सेना सांसद संजय राउत और बीएमसी से तकरार को लेकर भी विवादों में रहीं। बीएमसी ने कंगना के पाली हिल स्थित ऑफ़िस में अवैध निर्माण के आरोपों के बाद तोड़फोड़ की थी। यह मामला बॉम्बे हाई कोर्ट तक पहुंचा। वहीं, अपने विवादित ट्वीट्स के लिए कंगना के ख़िलाफ़ पुलिस रिपोर्ट्स भी दर्ज़ करवायी गयीं। हाल ही में किसान आंदोलन को लेकर कुछ विवादित ट्वीट्स करने के बाद कंगना पंजाबी एक्टर दिलजीत दोसांझ से ट्विटर वॉर को लेकर सुर्खियों में छायी रहीं।

6. अनुराग कश्यप पर यौन उत्पीड़न के आरोप

बॉलीवुड निर्देशक अनुराग कश्यप तब विवादों में आये जब एक्ट्रेस पायल घोष ने उन पर घर बुलाकर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाये। इस मामले में पुलिस रिपोर्ट भी दर्ज़ करवायी गयी है और अभी जांच चल रही है। हालांकि, अनुराग ने अपनी वकील के माध्यम से इन आरोपों का पुरज़ोर खंडन किया। इस मामले का जमकर राजनीतिकरण भी हुआ।

7. सोनू निगम ने भूषण कुमार पर लगाये गंभीर आरोप

साल 2020 में सेलेब्रिटीज़ लॉकडाउन के दौरान अपने घरों में क़ैद रहे। मगर, विवाद आज़ाद घूमे। सोनू निगम उस वक़्त सुर्खियों में आये, जब सुशांत की मौत के बाद बॉलीवुड में चल रही इनसाइडर-आउटसाइडर बहस के दौरान सोनू ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके टी-सीरीज़ के मालिक भूषण कुमार पर गंभीर इल्ज़ाम लगाये। इन आरोपों से ख़ूब विवाद हुआ और इनका जवाब भूषण की पत्नी दिव्या खोसला कुमार ने इंस्टाग्राम पर ही एक वीडियो के ज़रिए दिया।

8. ‘द कपिल शर्मा शो’ को लेकर मुकेश खन्ना की ‘महाभारत’

महाभारत में भीष्म पितामह का किरदार निभाने वाले मुकेश खन्ना भी इस साल ख़ूब सुर्खियों में रहे। इस विवाद के बीज तब पड़े, जब महाभारत की स्टार कास्ट में गजेंद्र चौहान, पुनीत इस्सर आदि द कपिल शर्मा शो में पहुंचे थे। मुकेश खन्ना इनमें शामिल नहीं थे, जिसकी वजह उन्होंने सोशल मीडिया में एक पोस्ट लिखकर बतायी थी। उन्होंने शो को घटिया बताते हुए कहा था कि मर्द औरतों के कपड़े पहनकर अश्लील हरकतें करते हैं। इस पर गजेंद्र चौहान ने कहा था कि महाभारत में अर्जुन भी औरतों के कपड़े पहनकर रहे थे, फिर मुकेश खन्ना ने महाभारत में काम क्यों किया। दोनों की लड़ाई कई दिनों तक सोशल मीडिया और मेनस्ट्रीम मीडिया में छायी रही।

9. गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल के दृश्यों पर सवाल

लॉकडाउन में सिनेमाघर बंद होने की वजह से गुंजन सक्सेना- द कारगिल गर्ल नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ हुई। यह पूर्व फ्लाइंग ऑफिसर गुंजन सक्सेना की बायोपिक थी। फ़िल्म के कुछ दृश्यों को लेकर वायु सेना ने एतराज़ जताया था, जिनमें महिला ऑफ़िसरों के साथ पक्षपात का व्यवहार दिखाा गया था। गुंजन सक्सेना के दावों को लेकर भी उनकी साथी अफ़सरों ने बयान दिये थे। यह मामला दिल्ली हाई कोर्ट तक पहुंचा।

10. अक्षय कुमार की फ़िल्म लक्ष्मी के टाइटल में बम से बवाल

डिज़्नी प्लस हॉटस्टार पर आयी अक्षय कुमार की फ़िल्म के टाइटल को लेकर भी ख़ूब बवाल हुआ था। पहले फ़िल्म का शीर्षक लक्ष्मी बम था, जिसको लेकर सोशल मीडिया में ख़ूब एतराज जताया गया। लक्ष्मी के साथ बम लगाने पर आपत्ति के चलते रिलीज़ से ठीक पहले टाइटल सिर्फ़ लक्ष्मी कर दिया गया। मुकेश खन्ना ने भी इसको लेकर सोशल मीडिया में पोस्ट लिखी थी।