पूर्व मुख्यमंत्री मोतीलाल वोरा का अंतिम संस्कार आज, शामिल हो सकते हैं राहुल गांधी

अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माेती लाल वोरा का आज अंतिम संस्कार उनके गृहनगर दुर्ग में किया जाएगा। वोरा का निधन सोमवार को 92 साल की आयु में दिल्ली में हो गया था। आज सुबह 10 बजे विशेष विमान से उनकी पार्थिव देह रायपुर लाई जाएगी। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय राजीव भवन में उनकी देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। रायपुर से दोपहर 12 बजे उनकी पार्थिव देह दुर्ग लाई जाएगी। यहां घर पर लोगों के दर्शनार्थ उन्हें रखा जाएगा। यहां लोग उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शाम चार बजे उनका अंतिम संस्कार दुर्ग के मुक्तिधाम में किया जाएगा।

वोरा के अंतिम संस्कार में देशभर के कई राज्यों के नेता शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर डेढ़ बजे दुर्ग पहुंचेंगे। इनके अलावा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान भी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए यहां आ रहे हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि राहुल गांधी भी वोरा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दुर्ग आ सकते हैं। इनके अलावा कांग्रेस- भाजपा सहित विभिन्न राजनीतिक दल से जुड़े देशभर के प्रमुख नेता आज उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए दुर्ग आ रहे हैं।

मोतीलाल वोरा का जन्म 20 दिसंबर 1928 को नागौर, जिला राजस्थान में हुआ था। उनके बेटे अरुण वोरा दुर्ग से विधायक हैं। मोतीलाल वोरा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश के राज्यपाल रहे हैं। 1980 में उन्हें अर्जुन सिंह मंत्रिमंडल में उच्च शिक्षा विभाग का मंत्री बनाया गया था। साल 1988 में उन्होंने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री के पद से त्यागपत्र दे दिया था। वे पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के काफी करीबी थे। कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी के भी सबसे विश्वसनीय नेताओं में से वे एक थे। उनकी स्पष्ट छवि और शानदार व्यक्तित्व के चलते पूरे देश में राजनितिज्ञों के बीच वे बाबूजी के नाम से जाने जाते थे।