साल 2050 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा भारत, अमेरिका से आगे निकल जाएगा चीन: रिपोर्ट

नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। भारत साल 2050 तक जापान को पीछे छोड़ दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा और इस स्थान पर वह अपने आप को साल 2100 तक बरकरार रख सकता है। मेडिकल जर्नल लैंसेट ( Lancet) द्वारा पब्लिश एक स्टडी से यह बात सामने आयी है। लैंसेट की स्टडी ने कुल जीडीपी के लिए परिदृश्यों में देशों की वर्किंग ऐज पॉप्युलेशन के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट के अनुसार, साल 2050 तक चीन की अर्थव्यवस्था अमेरिका की अर्थव्यवस्था से बड़ी हो जाएगी।

लैंसेट की स्टडी में साल 2017 को आधार वर्ष माना गया है। गौरतलब है कि साल 2017 में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में सातवें पायदान पर थी। लैंसेट की स्टडी के अनुसार, साल 2030 में भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे स्थान पर होगी। भारत से ऊपर जापान तीसरे स्थान पर, चीन दूसरे स्थान पर और अमेरिका की अर्थव्यवस्था पहले स्थान पर होगी। स्टडी के मुताबिक साल 2050 तक चीन की अर्थव्यवस्था अमेरिका को पछाड़ पहले स्थान पर पहुंच जाएगी। साथ ही भारत की अर्थव्यवस्था जापान को पीछे छोड़ तीसरे स्थान पर पहुंच जाएगी।

मौजूदा समय में दुनिया में भारत की अर्थव्यवस्था पांचवें पायदान पर है। वहीं, फ्रांस और इंग्लैंड की अर्थव्यवस्था हमसे थोड़ा पीछे छठे स्थान पर है। इससे पहले नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने भी कहा था कि साल 2047 तक भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। पिछले साल दिसंबर में, कोरोना वायरस महामारी से थोड़े पहले जापान सेंटर फॉर इकोनॉमिक रिसर्च की एक रिपोर्ट में कहा गया था कि भारत साल 2029 तक जापान को पीछे छोड़ दुनिया की तीसरे सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मोदी सरकार का लक्ष्य भी साल 2025 तक भारत को पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है।