असम से रायपुर लौटे CM बघेल, जवानों की शहादत पर बोले

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राज्य में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। बघेल ने रविवार को असम से रायपुर लौटने के बाद स्वामी विवेकानंद विमानतल में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान जारी रहेगा। वहीं नक्सलियों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में शिविरों की स्थापना का कार्य तेजी से किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘लड़ाई में हमारे जवानों की शहादत हुई है, लेकिन वे बहादुरी से लड़े हैं। मैं उनकी शहादत को नमन करता हूं।

बघेल ने कहा, हमारे सुरक्षा बल बुलंद हौसलों के साथ नक्सलियों से उनकी मांद में घुसकर लड़ाई लड़ रहे हैं। बीजापुर में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई इस लड़ाई में नक्सलियों को काफी नुकसान हुआ है। हमें जानकारी मिली है कि नक्सली घटना स्थल से मृत और घायल नक्सलियों को चार ट्रेक्टर में भरकर ले गए हैं।

उन्होंने कहा कि चार घंटे तक चली इस लड़ाई के दौरान सुरक्षा बलों के हौसलें बुलंद थे और उन्होंने नक्सलियों के प्रभाव वाले क्षेत्र में अंदर घुसकर बहादुरी से लड़ाई लड़ी। मुख्यमंत्री ने कहा, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों का प्रभाव लगातार सिमट रहा है और उनका असर अब केवल एक सीमित क्षेत्र में रह गया है, इससे बौखलाकर वह अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए इस तरह की घटनाएं कर रहे हैं। हम उनके प्रभाव क्षेत्र में लगातार पुलिस शिविर स्थापित कर रहे हैं और आगे भी यह कार्य जारी रखेंगे।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि असम से रायपुर वापस लौटने के बाद बघेल ने विमानतल पर राज्य के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से बीजापुर में पुलिस-नक्सल मुठभेड़ की घटना के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले कुछ दिनों से असम के दौरे पर थे। वह वहां हो रहे विधानसभा चुनाव में पार्टी के पक्ष में प्रचार कर रहे थे।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में मुख्यमंत्री ने शहर के रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात की तथा उनके इलाज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बघेल ने घायल जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जवानों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। इधर राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाने का आरोप लगाया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बल के 22 जवान शहीद हो गए हैं तथा 31 अन्य जवान घायल हुए हैं।