दिल्ली से पंजाब तक 31 जगह रेल ट्रैक पर बैठे किसान, गाजीपुर-टिकरी बॉर्डर जाम

तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों ने आज भारत बंद का आयोजन किया है। इस बीच सुबह से ही प्रदर्शनकारियों के जुटने और जाम लगाने के चलते दिल्ली-यूपी को जोड़ने का गाजीपुर बॉर्डर बंद हो गया है। इसके अलावा दिल्ली-हरियाणा सीमा पर स्थित सिंघु बॉर्डर भी जाम है। गाजीपुर बॉर्डर पर किसान होली के गीत गाते और नाचते नजर आए। वहीं किसानों ने दिल्ली-अमृतसर रेल रूट पर भी जाम कर दिया है।

देश के कई हिस्सों में भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है, लेकिन सबसे ज्यादा प्रभाव दिल्ली के आसपास के इलाकों और हरियाणा-पंजाब में ही दिखा है। किसान संगठनों ने चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में बंद से अलग रखा है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, देशव्यापी बंद सुबह 6 बजे शुरू हुआ और यह शाम 6 बजे तक लागू रहेगा। जानें किसानों के भारत बंद से जुड़े पल-पल के अपडेट्स…

किसान मजदूर संघर्ष कमिटी के लोग अमृतसर-दिल्ली रेल ट्रैक पर बैठे

पंजाब: किसान मजदूर संघर्ष कमिटी के लोग अमृतसर-दिल्ली रेल ट्रैक पर बैठे। शाम 6 बजे तक रहेगा भारत बंद का आयोजन।

किसानों और सरकार के बीच कृषि कानूनों को लेकर हो चुकी है तीन राउंड की बातचीत

किसानों और भारत सरकार के बीच अब तक कृषि कानूनों को लेकर 11 राउंड की बातचीत हो चुकी है, लेकिन गतिरोध नहीं टूटा है। संसद ने बीते साल मॉनसून सत्र के दौरान तीन नए कृषि कानूनों को मंजूरी दी थी।

भारत बंद: किसान संगठनों ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे को बंद किया

किसान संगठनों ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे को बंद कर दिया है। इसके अलावा जीरकपुर-पंचकूला रोड पर भी किसान आंदोलनकारियों ने जाम लगा दिया है। बड़ी संख्या में वाहन फंसे हुए हैं।

किसान आंदोलन के चलते बंद हुए 4 में से तीन स्टेशन खुले, यह अब भी बंद

किसानों के ‘भारत बंद’ के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो द्वारा शुक्रवार को कुछ समय के लिए ग्रीन लाइन रूट पर पड़ने वाले टीकरी बॉर्डर, पंडित श्रीराम शर्मा, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए थे, लेकिन अब पंडित श्रीराम शर्मा मेट्रो स्टेशन को छोड़कर टीकरी बॉर्डर, बहादुरगढ़ सिटी और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार फिर से खोल दिए गए हैं।

किसान नेताओं का ऐलान, हरियाणा के सभी स्टेट और नेशनल हाईवेज को बंद कराएंगे

किसान संगठनों के नेताओं ने ऐलान किया है कि वे हरियाणा के सभी स्टेट और नेशनल हाईवेज को बंद कराएंगे और दुकानदारों से भी शटर डाउन करने की अपील करेंगे।

दिल्ली से पंजाब तक 31 जगहों पर ट्रैक पर बैठे किसान आंदोलनकारी, 4 शताब्दी ट्रेनें कैंसल

दिल्ली, हरियाणा से लेकर पंजाब तक किसान आंदोलनकारियों ने 31 स्थानों पर रेलवे ट्रैक्स को जाम कर दिया है। इसके चलते दिल्ली, अंबाला और फिरोजपुर रेलवे मंडल में ट्रेनों का संचालन प्रभावित है। रेलवे ने भारत बंद को देखते हुए 4 शताब्दी ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है।

अंबाला में किसानों ने जाम किया रेलवे ट्रैक, फंसे बड़ी संख्या में यात्री

अंबाला में भी किसानों ने रेल ट्रैक जाम कर दिया है। इसके चलते करनाल रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री फंस गए हैं। दिल्ली की एक महिला यात्री ने कहा कि वह वैष्णोदेवी दर्शन के लिए जा रही थीं, लेकिन अब ट्रेन रुकने की वजह से फंस गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत बंद की स्थिति में सरकार को आज ट्रेनों का संचालन ही नहीं करना चाहिए था।

फतेहाबाद-चंडीगढ़ मार्ग भी किसानों ने रोका

इसके अलावा कई शहरों में किसानों ने जिलों को जोड़ने वाली सड़कों को बंद कर दिया है। लोगों को छोटे लिंक रोड्स के जरिए सफर करना पड़ रहा है। फतेहाबाद-चंडीगढ़ मार्ग भी किसानों ने रोक दिया है।

हरियाणा में सब्जियां बेचने भी नहीं निकले किसान, मंडियां रहीं सूनी

संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद का हरियाणा में काफी असर दिख रहा है। सूबे के छोटे कस्बों में भी बंद प्रभावी नजर आ रहा है। राज्य की सब्जी मंडियों, बाजार और सड़कें खाली दिखाई दिए। किसान सब्जियां बेचने के लिए मंडी नहीं पहुंचे और खरीददारों को वापस लौटना पड़ा। एक खरीददार ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र की लडवा सब्जी मंडी गए थे, लेकिन वहां कुछ नहीं मिल सका। सब कुछ बंद है।

किसान प्रदर्शनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक जाम किया

पंजाब: संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद के आह्वान पर किसान प्रदर्शनकारियों ने अमृतसर-दिल्ली रेलवे ट्रैक जाम किया।

मुजफ्फरपुर में आरजेडी कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर अपना विरोध जताया

हम वार्ता के लिए 24 घंटे तैयार हैं: किसान नेता